scorecardresearch
Friday, 17 April, 2026
होमदेशअर्थजगतकेंद्र सरकार ठाणे में 53 एकड़ नमक भूमि महाराष्ट्र सरकार को सौंपेगी

केंद्र सरकार ठाणे में 53 एकड़ नमक भूमि महाराष्ट्र सरकार को सौंपेगी

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 53.17 एकड़ सरकारी नमक भूमि हस्तांतरित करने का निर्णय लिया है ताकि दहिसर से वसई क्रीक तक सड़क परियोजना का निर्माण किया जा सके। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने यह जानकारी दी है।

गोयल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘केंद्र सरकार ने ठाणे जिले की 53.174 एकड़ नमक भूमि महाराष्ट्र सरकार को हस्तांतरित करने का निर्णय लिया है। यह भूमि दहिसर और वसई क्रीक के बीच एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के लिए स्वीकृत की गई है।’’

यह सड़क परियोजना दो चरणों में पूरी की जा रही है। पहले चरण में दहिसर से भायंदर खंड (कोस्टल रोड) बनाया जाएगा जबकि दूसरे चरण में भायंदर से वसई क्रीक खंड को पूरा किया जाएगा। केंद्र ने पिछले वर्ष सरकारी नमक भूमि के हस्तांतरण संबंधी दिशानिर्देशों में बदलाव किया था। इसके तहत यदि किसी केंद्रीय सार्वजनिक उद्यम या राज्य से आवेदन नहीं आता है तो निजी क्षेत्र भी ऑनलाइन नीलामी में भाग ले सकता है।

देशभर में लगभग 60,000 एकड़ नमक भूमि विभिन्न राज्यों में फैली हुई है। इनमें महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा, गुजरात और कर्नाटक शामिल हैं।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments