नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) सरकारी विमानन कंपनी अलायंस एयर ने अपने पायलटों को आश्वासन दिया है कि वेतन को कोविड-पूर्व स्तर पर बहाल करने के बारे में कंपनी का निदेशक मंडल इस महीने के अंत में चर्चा करेगा।
एयरलाइन के पायलटों का एक समूह शुक्रवार को हड़ताल पर चला गया था जिसकी वजह से कई उड़ानों को निरस्त करना पड़ा था। एक सूत्र के मुताबिक, इस हड़ताल के बाद एयरलाइन ने पायलटों को आश्वासन दिया है कि वेतन संबंधी मुद्दों पर विचार किया जाएगा। इस आश्वासन के बाद पायलट हड़ताल खत्म कर अपने काम पर लौट आए।
सरकार के स्वामित्व वाली अलायंस एयर रोजाना करीब 100 उड़ानों का संचालन करती है। इसके पास 21 विमानों का बेड़ा है।
एयरलाइन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विनीत सूद ने शुक्रवार को पायलटों को भेजे संदेश में कहा कि अप्रैल में उनके वेतन आंशिक रूप से बहाल किए गए थे। इसके अलावा कंपनी सितंबर के बाद से वेतन के अन्य हिस्सों की बहाली पर भी विचार कर रही है और 16 सितंबर को होने वाली बैठक में इस पर चर्चा की जाएगी।
पायलटों की मांग है कि उनका वेतन बढ़ाकर कोविड-पूर्व स्तर पर पहुंचा दिया जाए। सूत्रों के मुताबिक, महामारी की वजह से वेतन में 60 फीसदी की कटौती कर दी गई थी और इसे अभी तक पूरी तरह से बहाल नहीं किया गया है।
भाषा मानसी प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.