मुंबई, आठ जुलाई (भाषा) टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का संचयी शुद्ध लाभ 30 जून को समाप्त चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में वार्षिक आधार पर 5.2 फीसदी बढ़कर 9,478 करोड़ रुपये पहुंच गया। कंपनी ने बताया कि वार्षिक वेतन वृद्धि और पदोन्नति के चलते परिचालन लाभ मार्जिन में कमी आई।
इस दौरान देश की सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी सेवा कंपनी का परिचालन से संचयी राजस्व वार्षिक आधार पर 16.2 प्रतिशत बढ़कर 52,758 करोड़ रुपये हो गया।
टीसीएस ने एक रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर के लिए आठ रुपये के अंतरिम लाभांश की घोषणा की है।
टीसीएस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और प्रबंध निदेशक राजेश गोपीनाथन ने कहा, ‘‘हम नए वित्त वर्ष की शुरुआत मजबूत रुख के साथ कर रहे हैं। हमने चौतरफा वृद्धि हासिल की है और हमें सभी क्षेत्रों में मजबूत सौदे मिले हैं।’’
उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘बातचीत के तहत वर्तमान के सौदे और जो सौदे हो चुके हैं, दोनों मजबूत बने हुए हैं। लेकिन व्यापक-आर्थिक अनिश्चितताओं को देखते हुए हम सतर्क हैं। हमारी नई संगठन संरचना अच्छी तरह से व्यवस्थित हो गई है, और हमें अपने ग्राहकों के करीब ला रही है…।’’
गोपीनाथन कहा कि टीसीएस प्रौद्योगिकी खर्च में तेजी और वृद्धि की गति को लेकर आश्वस्त है।
कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी समीर सेकसरिया ने कहा कि लागत प्रबंधन के नजरिए से यह तिमाही चुनौतीपूर्ण रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘पहली तिमाही में 23.1 प्रतिशत का हमारा परिचालन लाभ मार्जिन हमारे वार्षिक वेतन वृद्धि, प्रतिभा प्रबंधन की उच्च लागत और यात्रा खर्चों के सामान्य होने को दर्शाता है। हालांकि, हमारी लंबी अवधि की लागत संरचना और सापेक्ष प्रतिस्पर्धात्मकता पहले जैसी है, जो हमें लाभदायक वृद्धि पथ पर आगे बढ़ाने के लिहाज से अच्छी स्थिति में लाती है।’’
सेकसरिया ने भरोसा जताया कि परिचालन लाभ मार्जिन में गिरावट की भरपाई आने वाली तिमाहियों में कर ली जाएगी।
ऐसे समय में जब अमेरिका जैसे बाजारों में मंदी की चिंता व्यक्त की जा रही है, गोपीनाथन ने कहा कि कंपनी अपनी सेवाओं की मांग में नरमी के शुरुआती संकेतों का पता लगाने के लिए ग्राहकों का सर्वेक्षण कर रही है।
उन्होंने साथ ही जोड़ा कि अल्पावधि से मध्यम अवधि के लिए स्थिर मांग के संकेत हैं। कंपनी ने समीक्षाधीन तिमाही में शुद्ध आधार पर 14,000 कर्मचारियों को जोड़ा। सेकसरिया ने कहा कि कंपनी वित्त वर्ष के दौरान 40,000 नए कर्मचारियों को नियुक्त करने के अपने लक्ष्य पर कायम है।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
