नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर (भाषा) टाटा कम्युनिकेशंस कृत्रिम मेधा (एआई) डेटा केंद्र को जोड़ने के लिए भारत में लंबी दूरी का तेज गति वाला फाइबर नेटवर्क स्थापित करने पर करीब 45 करोड़ अमेरिकी डॉलर का निवेश करने की योजना बना रही है।
कार्यक्रम के पहले चरण में मुंबई-पुणे-हैदराबाद-चेन्नई गलियारे पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। यह भारत में एआई और बड़े पैमाने के डेटा सेंटर की वृद्धि के लिहाज से सबसे महत्वपूर्ण मार्ग में से एक है।
कंपनी ने सोमवार को कहा कि अगले चरणों में पूर्वी तट और पश्चिमी भारत में उभरते डेटा सेंटर केंद्रों तक संपर्क सुविधा का विस्तार किया जाएगा। इनमें विशाखापत्तनम, भुवनेश्वर, जामनगर, गिफ्ट सिटी और अन्य रणनीतिक स्थान शामिल हैं।
बयान में कहा गया, ‘‘टाटा कम्युनिकेशंस ने भारत में एआई सुपर हाइवे बनाने के लिए करीब 45 करोड़ डॉलर के रणनीतिक निवेश की घोषणा की है। यह उच्च गति और कम विलंबता वाला नेटवर्क होगा, जो भारत के प्रमुख एआई डेटा सेंटर गलियारों को जोड़ेगा। कंपनी पूरे भारत में करीब 10,000 किलोमीटर लंबी दूरी का नया फाइबर नेटवर्क बनाएगी, जिससे देश के सबसे बड़े एआई-अनुकूल संपर्क नेटवर्क में से एक तैयार होगा।’’
टाटा कम्युनिकेशंस के वैश्विक नेटवर्क के साथ एकीकृत यह प्रस्तावित नेटवर्क ग्राहकों को निर्बाध, शुरू से अंत तक संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है। इससे अगली पीढ़ी के एआई से जुड़े कार्यों के लिए जरूरी प्रदर्शन, मजबूती और बड़े पैमाने पर काम करने की क्षमता को समर्थन मिलेगा।
भाषा निहारिका अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.