scorecardresearch
Wednesday, 23 September, 2026
होमदेशअर्थजगतस्विस कंपनी डेलविटेक बेंगलुरु में विनिर्माण इकाई लगाएगी, तीन करोड़ डॉलर तक का करेगी निवेश

स्विस कंपनी डेलविटेक बेंगलुरु में विनिर्माण इकाई लगाएगी, तीन करोड़ डॉलर तक का करेगी निवेश

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए निरीक्षण समाधान उपलब्ध कराने वाली स्विट्जरलैंड की कंपनी डेलविटेक ने बेंगलुरु में विनिर्माण और प्रौद्योगिकी इकाई स्थापित करने के लिए तीन करोड़ अमेरिकी डॉलर (करीब 280 करोड़ रुपये) तक का निवेश करने की बुधवार को घोषणा की।

कंपनी ने बयान में कहा कि यह डेलविटेक की दुनिया भर में सबसे बड़ी विनिर्माण इकाई होगी और इसके जनवरी 2027 तक शुरू होने की संभावना है।

परियोजना के पहले चरण में 50 लाख डॉलर से एक करोड़ डॉलर के बीच निवेश किया जाएगा। यह इकाई शुरुआत में 65,000 वर्ग फुट क्षेत्र में स्थापित होगी, जिसे बाद के चरणों में बढ़ाकर करीब दो लाख वर्ग फुट किया जाएगा।

कंपनी ने कहा कि इस इकाई से अगले पांच साल में 500 से 800 रोजगार सृजित होने का अनुमान है।

इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग के लिए कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित ‘ऑटोमेटेड ऑप्टिकल इंस्पेक्शन’ (एओआई) और ‘सोल्डर पेस्ट इंस्पेक्शन’ (एसपीआई) समाधान में विशेषज्ञता रखने वाली डेलविटेक ने कहा कि उसने बड़े पैमाने पर उत्पादन केंद्र के लिए बेंगलुरु का चयन करने से पहले भारत और चीन दोनों पर विचार किया था।

डेलविटेक एसए के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रॉबर्टो गैट्टी ने कहा, ‘‘भारत हमारे प्राथमिक बाजारों में से एक है और पिछले कुछ वर्षों में देश ने अपनी विनिर्माण क्षमताओं में तेज प्रगति की है। इलेक्ट्रॉनिक्स अब इस विकास की कहानी के केंद्र में है।’’

भाषा

यासिर अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments