मुंबई, दो सितंबर (भाषा) स्वान डिफेंस एंड हैवी इंडस्ट्रीज लिमिटेड (एसडीएचआई) ने उत्कृष्टता केंद्र शुरू करने के लिए भारतीय समुद्री विश्वविद्यालय के साथ एक प्रारंभिक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
स्वान डिफेंस ने मंगलवार को कहा कि इस साझेदारी के तहत इन विशेष केंद्रों की स्थापना एवं विकास किया जाएगा, जिसमें एसडीएचआई शिपयार्ड तथा भारतीय समुद्री विश्वविद्यालय (आईएमयू) परिसरों में जहाज विनिर्माण तथा नौसेना वास्तुकला में प्रशिक्षण, अनुसंधान एवं नवाचार को शामिल किया। इसका मकसद भारत के बढ़ते जहाज विनिर्माण और भारी विनिर्माण क्षेत्रों में करियर के अवसरों के लिए पेशेवरों की अगली पीढ़ी को तैयार किया जा सके।
भारत समुद्री सप्ताह (आईएमडब्ल्यू) 2025 से पहले हाल ही में आईएमयू द्वारा अपने चेन्नई परिसर में आयोजित एक विषयगत सत्र के दौरान समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इसके अलावा, स्वान डिफेंस ने कहा कि दोनों साझेदार भारत के समुद्री दृष्टिकोण के अनुरूप कौशल विकास को आगे बढ़ाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों, व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदाताओं एवं सरकारी विभागों के साथ संयुक्त पहल की भी संभावना तलाशेंगे।
स्वान डिफेंस एंड हैवी इंडस्ट्रीज के सलाहकार राजीव नैयर ने कहा, ‘‘ हम साथ मिलकर समुद्री एवं जहाज विनिर्माण क्षेत्र के पेशेवरों की अगली पीढ़ी को तैयार करना चाहते हैं जो इस क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता तथा वैश्विक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देंगे।’’
भाषा निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
