scorecardresearch
Tuesday, 17 March, 2026
होमदेशअर्थजगतसुजलॉन 2035 तक अपने पूरे बेड़े को इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलेगी

सुजलॉन 2035 तक अपने पूरे बेड़े को इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलेगी

Text Size:

नयी दिल्ली, 24 सितंबर (भाषा) नवीकरणीय ऊर्जा समाधान प्रदाता कंपनी सुजलॉन 2035 तक अपने पूरे वाहन बेड़े को इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) में बदल देगी। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

कंपनी के बयान में कहा गया है कि 2030 तक अपनी सभी सुविधाओं को 100 प्रतिशत नवीकरणीय ऊर्जा से संचालित करने की प्रतिबद्धता जताने के बाद, सुजलॉन ने क्लाइमेट ग्रुप की वैश्विक ईवी100 पहल में शामिल होकर अपनी स्थिरता यात्रा में एक और साहसिक कदम उठाया है।

बयान में कहा गया है कि इस पहल के तहत, सुजलॉन 2035 तक अपने सभी वाहनों को इलेक्ट्रिक वाहनों में परिवर्तित कर देगा, जिससे कार्बन उत्सर्जन और ईंधन की खपत कम होगी, और यह भारत के ‘नेट जीरो’ (शून्य कार्बन उत्सर्जन) लक्ष्य की ओर एक मजबूत कदम होगा।

ईवी100 एक वैश्विक पहल है जिसे क्लाइमेट ग्रुप ने शुरू किया है। इसमें दुनिया की कई बड़ी कंपनियां शामिल हैं। इसका उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बदलाव को तेज करना और 2030 तक इलेक्ट्रिक परिवहन को सामान्य और मुख्यधारा का माध्यम बनाना है।

बयान के अनुसार, सुजलॉन ईवी100 पहल में शामिल होने वाली पहली भारतीय नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी है, जो इस क्षेत्र में जलवायु परिवर्तन में अग्रणी के रूप में इसकी भूमिका को रेखांकित करती है।

भाषा योगेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments