नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) ब्रिटिश दूरसंचार कंपनी बीटी ग्रुप ने सोमवार को कहा कि भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक चेयरमैन सुनील भारती मित्तल और भारती एयरटेल के वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल तत्काल प्रभाव से उसके निदेशक मंडल में गैर-स्वतंत्र गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में शामिल होंगे।
मित्तल की कंपनी ने वर्ष 2024 में लगभग चार अरब अमेरिकी डॉलर में बीटी ग्रुप में 24.5 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी। इस तरह वह ब्रिटेन की सबसे बड़ी ब्रॉडबैंड और मोबाइल सेवा कंपनी में सबसे बड़े शेयरधारक बन गए।
बीटी ग्रुप ने अपने बयान में कहा, ‘‘मित्तल और विट्टल को 15 सितंबर, 2025 से भारती टेलीवेंचर्स यूके लिमिटेड के नामित प्रतिनिधियों के रूप में निदेशक मंडल में शामिल किया गया है।’’
बयान के मुताबिक, मित्तल नामांकन समिति के सदस्य भी होंगे।
बीटी ग्रुप के चेयरमैन एडम क्रोजियर ने कहा, ‘‘हम मित्तल और विट्टल का निदेशक मंडल में स्वागत करते हैं। वे दूरसंचार उद्योग में महत्वपूर्ण अनुभव और वैश्विक दृष्टिकोण लाते हैं और हम उनके योगदान की उम्मीद करते हैं।’’
भारती एंटरप्राइजेज दूरसंचार, अंतरिक्ष संचार, डिजिटल समाधान, रियल एस्टेट और आतिथ्य जैसे क्षेत्रों में सक्रिय है। इसकी प्रमुख कंपनी भारती एयरटेल भारत और अफ्रीका के 15 देशों में संचालन करती है। इसके अलावा बांग्लादेश एवं श्रीलंका में भी इसकी मौजूदगी है।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
