scorecardresearch
Wednesday, 18 March, 2026
होमदेशअर्थजगतसिडबी का शुद्ध मुनाफा बीते वित्त वर्ष 19.5 प्रतिशत बढ़कर 4,811 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर

सिडबी का शुद्ध मुनाफा बीते वित्त वर्ष 19.5 प्रतिशत बढ़कर 4,811 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर

Text Size:

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) ने सोमवार को कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 में उसका शुद्ध लाभ 19.5 प्रतिशत बढ़कर 4,811 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

लखनऊ स्थित इस बैंक ने पिछले वित्त वर्ष में 4,026 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया था।

बैंक ने एक बयान में कहा कि वर्ष के दौरान, सिडबी का बही-खाता 5.6 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया।

बयान के अनुसार, 31 मार्च, 2025 तक परिसंपत्ति आधार 8.7 प्रतिशत बढ़कर 5,68,238 करोड़ रुपये हो गया, जो 31 मार्च, 2024 तक 5,22,521 करोड़ रुपये था।

कर्ज और अग्रिम वित्त वर्ष 2024-25 8.8 प्रतिशत बढ़कर 4,96,282 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले 2023-24 में यह 4,56,015 करोड़ रुपये था।

बैंक ने 38,511 करोड़ रुपये की आय अर्जित की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 20.6 प्रतिशत अधिक है। वित्त वर्ष 2024-25 में प्रति शेयर आय बढ़कर 84.62 रुपये हो गई।

परिसंपत्ति गुणवत्ता के संबंध में, बैंक ने बताया कि 31 मार्च, 2025 तक सकल एनपीए और शुद्ध एनपीए अनुपात क्रमशः 0.04 प्रतिशत और शून्य रहे।

सोमवार को आयोजित बैंक की वार्षिक आम बैठक में 2024-25 के लिए 20 प्रतिशत लाभांश को मंजूरी दी गई।

वित्तीय आंकड़ों पर टिप्पणी करते हुए, सिडबी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मनोज मित्तल ने कहा कि बैंक वित्तीय समावेश को बढ़ावा देने के लिए उन्नत तकनीक का लाभ उठाकर एमएसएमई क्षेत्र को सुदृढ़ और विस्तारित करने के लिए समर्पित है।

वित्त वर्ष 2024-25 और वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक, बैंक ने अपने शाखा नेटवर्क का उल्लेखनीय विस्तार किया है। एमएसएमई को व्यापक ऋण पहुंच प्रदान करने के लिए बैंक अपनी पहुंच को और बढ़ाने की योजना बना रहा है।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments