scorecardresearch
Saturday, 21 March, 2026
होमदेशअर्थजगतशेल ने राज पेट्रो के अधिग्रहण से भारतीय बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाई

शेल ने राज पेट्रो के अधिग्रहण से भारतीय बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाई

Text Size:

नयी दिल्ली, चार जुलाई (भाषा) वैश्विक ऊर्जा दिग्गज शेल ने दुनिया के तीसरे सबसे बड़े लुब्रिकेंट बाजार में अपनी पैठ मजबूत करने के लिए मुंबई स्थित राज पेट्रो स्पेशलिटीज का अधिग्रहण किया है। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी।

शेल ने पहले ही भारत में ऊर्जा मूल्य श्रृंखला में पांच अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का निवेश किया है। यह निवेश एलएनजी आयात टर्मिनल और ईंधन स्टेशनों से लेकर नवीकरणीय ऊर्जा और प्रौद्योगिकी केंद्रों तक में है।

कंपनी ने जर्मनी के ब्रेनटैग समूह से राज पेट्रो स्पेशलिटीज प्राइवेट लिमिटेड में 100 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी हासिल की है।

शेल इंडिया की ‘कंट्री चेयर’ और एशिया प्रशांत में शेल लुब्रिकेंट्स की वरिष्ठ उपाध्यक्ष मानसी त्रिपाठी ने कहा, ”मुझे लगता है कि राज पेट्रो का अधिग्रहण देश में लुब्रिकेंट व्यवसाय के लिए एक मील का पत्थर है। भारत तीसरा सबसे बड़ा लुब्रिकेंट बाजार है और हमारे लिए भारत महत्वपूर्ण वृद्धि बाजारों में से एक है।”

उन्होंने कहा, ”इसलिए हम हमेशा ऐसे तरीकों की तलाश में रहे हैं जिससे हम अधिक उपभोक्ताओं को सही कीमत पर अधिक उत्पाद उपलब्ध करा सकें।”

इस अधिग्रहण के वित्तीय विवरण का खुलासा किए बिना उन्होंने कहा कि शेल लुब्रिकेंट्स द्वारा राज पेट्रो स्पेशलिटीज का अधिग्रहण भारत में अपने पोर्टफोलियो और ग्राहक आधार को बढ़ाने की कंपनी की योजनाओं के अनुरूप है।

राज पेट्रो के चेन्नई और सिलवासा में विनिर्माण संयंत्र हैं, और वह ट्रांसफार्मर तेल से लेकर पेट्रोलियम जेली, सफेद तेल, मोम और लुब्रिकेंट्स तक कई तरह के उत्पाद पेश करती है।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments