नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) हरित ऊर्जा कंपनी सेरेंटिका रिन्यूएबल्स ने नॉर्वे की स्टेटक्राफ्ट के साथ भारत में उसके सौर ऊर्जा कारोबार का अधिग्रहण करने के लिए पक्का समझौता किया है।
दोनों कंपनियों ने सोमवार को एक संयुक्त बयान में कहा कि स्टेटक्राफ्ट के भारतीय सौर कारोबार में बीकानेर में 445 मेगावाट (एमडब्ल्यूपी) का चालू सौर ऊर्जा संयंत्र और राजस्थान में विभिन्न स्थानों में एक गीगावाट (जीडब्ल्यूपी) क्षमता की परियोजनाएं शामिल हैं, जो विकास के विभिन्न चरणों में हैं।
यह सौदा 22 करोड़ डॉलर से 25 करोड़ डॉलर (लगभग 2000 करोड़ रुपये) के उद्यम मूल्य पर किया गया है।
सेरेंटिका रिन्यूएबल्स के चेयरमैन प्रतीक अग्रवाल ने कहा, ‘‘कंपनी भारत के ऊर्जा बदलाव लक्ष्यों के लिए प्रतिबद्ध है और यह अधिग्रहण उस दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने की दिशा में एक और कदम है। इस परियोजनाओं को पवन और भंडारण प्रणालियों के साथ एकीकृत करके, हम अपने सबसे बड़े ग्राहकों को चौबीसों घंटे बिजली उपलब्ध कराने में सक्षम होंगे।’’
इस अधिग्रहण से सेरेंटिका का परिचालन क्षमता 1.5 गीगावाट तक बढ़ जाएगा। कंपनी ने 2030 तक 17 गीगावाट क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा है। यह उस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
स्टेटक्राफ्ट के कार्यकारी उपाध्यक्ष (अंतरराष्ट्रीय), फर्नांडो डी लापुएर्ता ने कहा, ‘‘सेरेंटिका रिन्यूएबल्स एक तेजी से बढ़ती नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी है…। हमें विश्वास है कि वह इन परिसंपत्तियों का संचालन प्रतिबद्धता के साथ जारी रखेंगी, जिससे भारत के हरित ऊर्जा परिवर्तन में योगदान मिलेगा।’’
केकेआर समर्थित, सेरेंटिका का लक्ष्य प्रतिवर्ष 50 अरब यूनिट से अधिक स्वच्छ ऊर्जा की आपूर्ति करना है। इससे 4.7 करोड़ टन कार्बन उत्सर्जन को कम किया जा सकेगा।
भाषा रमण अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
