नयी दिल्ली, 19 जनवरी (भाषा) पूंजी बाजार नियामक सेबी ने बृहस्पतिवार को शेयर के बड़े ऑर्डर से पहले कारोबार कर लाभ कमाने से जुड़े मामले में तलाशी अभियान चलाया और जब्ती कार्रवाई की। यह मामला टेलीविजन पर आने वाले बाजार विशेषज्ञों से संबंधित है।
सूत्रों ने कहा कि भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने छह इकाइयों के आधिकारिक और रिहायशी परिसरों की तलाशी ली। इन इकाइयों पर संदेह है कि वे शेयर के बड़े ऑर्डर से पहले कारोबार कर लाभ कमाने (फ्रंट रनिंग) में शामिल थे। इस तरह के कारोबार को अवैध माना जाता है।
सूत्रों ने कहा कि ये तलाशी और जब्ती कार्रवाई जयपुर, कोलकाता, नोएडा और पुणे में कई स्थानों पर चलाये गये। जांच प्रक्रिया अभी जारी है।
सेबी ने निगरानी और आंतरिक सतर्कता प्रणाली के आधार पर मिली जानकारी के आधार पर एक बिजनेस समाचार चैनल पर आने वाले कुछ बाजार विशेषज्ञों से जुड़े व्यक्तियों को संदिग्ध ‘फ्रंट रनिंग’ को लेकर जांच शुरू की है।
बाजार विशेषज्ञ चैनल पर जिन शेयरों की सलाह देते थे, उनसे संबद्ध इकाइयां पहले उसके शेयर खरीद लेती थीं। और जब उनकी सिफारिशों के आधार बड़ी संख्या में निवेशक वह शेयर ले लेते, उसके बाद संबंधित इकाइयां वे शेयर बेच देती थीं।
‘फ्रंट रनिंग’ सेबी (प्रतिभूति बाजार से संबंधित धोखाधड़ी और अनुचित व्यापार गतिविधियां निषेध) नियम, 2003 के तहत अवैध है।
सेबी अधिकारियों ने तलाशी और जब्ती अभियान के दौरान मोबाइल फोन, लैपटॉप, डेस्कटॉप, टैबलेट और हार्ड ड्राइव डिस्क समेत अन्य रिकॉर्ड जब्त किये।
सूत्रों ने कहा कि जब्त किये गये उपकरणों से आंकड़े, ईमेल और अन्य दस्तावेज प्राप्त किए जा रहे हैं।
भाषा
रमण अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
