नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की कंपनी एसएईएल ने चरणबद्ध तरीके से 20 लाख टन धान के पुआल की खरीद शुरू कर दी है।
एसएईएल इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने सोमवार को बयान में कहा कि ईंधन के रूप में इस्तेमाल होने वाले इस कृषि अपशिष्ट की सालाना खरीद से कंपनी के 164.9 मेगावाट की कुल क्षमता वाले 11 कृषि अपशिष्ट आधारित ऊर्जा संयंत्रों को मदद मिलेगी।
कंपनी ने कहा, ”उत्तर भारत में फसल कटाई का मौसम शुरू होने के साथ ही हमने चरणबद्ध तरीके से 20 लाख टन धान के पुआल की खरीद शुरू कर दी है।”
एसएईएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) लक्षित आवला ने कहा कि पंजाब, राजस्थान और हरियाणा में स्थित कंपनी के कृषि अपशिष्ट आधारित ऊर्जा संयंत्र कचरे से आय के नए स्रोत तैयार करने और ईंधन लागत कम करने में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से अपशिष्ट संग्रह, प्रसंस्करण और संयंत्र संचालन के क्षेत्र में रोजगार के अवसर पैदा होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिल रहा है।
एसएईएल इंडस्ट्रीज लिमिटेड एक एकीकृत नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी है, जो कृषि अपशिष्ट से ऊर्जा उत्पादन, बड़े पैमाने पर सौर ऊर्जा परियोजनाओं और सौर मॉड्यूल विनिर्माण के क्षेत्र में काम करती है।
भाषा राजेश राजेश योगेश
योगेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.