मुंबई, 27 फरवरी (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले चार पैसे कमजोर होकर 82.79 के भाव पर बंद हुआ। विदेशी बाजारों में डॉलर के मजबूत होने तथा घरेलू शेयर बाजार में कमजोर रुख रहने का असर रुपये पर पड़ा।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि महीने के अंत में आयातकों की तरफ से डॉलर की मांग आने से भी रुपये पर दबाव बना।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 82.87 पर खुला। कारोबार के अंत में यह अपने पिछले बंद भाव की तुलना में चार पैसे की गिरावट के साथ 82.79 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान रुपये ने 82.82 के उच्चस्तर और 82.94 के निम्न स्तर को भी छुआ।
इससे पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 82.75 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक मामूली गिरावट के साथ 105.15 पर कारोबार कर रहा था।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.46 प्रतिशत बढ़कर 83.54 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 175.58 अंक की गिरावट के साथ 59,288.35 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में बिकवाल रहे और उन्होंने सोमवार को शुद्ध रूप से 2,022.52 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री की।
भाषा प्रेम प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
