scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशअर्थजगतरुपया पांच पैसे की तेजी के साथ 81.92 प्रति डॉलर पर

रुपया पांच पैसे की तेजी के साथ 81.92 प्रति डॉलर पर

Text Size:

मुंबई, छह मार्च (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया पांच पैसे की तेजी के साथ 81.92 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशी पूंजी के ताजा निवेश और घरेलू शेयर बाजार में तेजी के रुख की वजह से निवेशकों की कारोबारी धारणा मजबूत होने से रुपये में तेजी आई।

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और जोखिम धारणा के बढ़ने के बाद शुरुआती कारोबार में डॉलर के नीचे आने से भी रुपये को बल मिला।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 81.85 पर खुला। कारोबार के अंत में यह अपने पिछले बंद भाव की तुलना में पांच पैसे की तेजी के साथ 81.92 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान रुपये ने 81.62 के उच्चस्तर और 81.95 के निचले स्तर को छुआ।

इससे पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 81.97 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत बढ़कर 104.58 पर कारोबार कर रहा था।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.77 प्रतिशत घटकर 81.17 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।

बीएनपी पारिबा बाय शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि घरेलू शेयर बाजार में तेजी और ताजा विदेशी निवेश के कारण भारतीय रुपया 81.62 के एक महीने के उच्चस्तर को छू गया। सकारात्मक एशियाई मुद्राओं से भी घरेलू मुद्रा का समर्थन मिला।

घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 415.49 अंक की तेजी के साथ 60,224.46 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने सोमवार को शुद्ध रूप से 721.37 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments