scorecardresearch
Friday, 24 July, 2026
होमदेशअर्थजगतरुपया 20 पैसे मजबूत होकर 96.53 प्रति डॉलर पर बंद

रुपया 20 पैसे मजबूत होकर 96.53 प्रति डॉलर पर बंद

Text Size:

मुंबई, 24 जुलाई (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 20 पैसे मजबूत होकर 96.53 पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, भारतीय रिजर्व बैंक के संभावित हस्तक्षेप से रुपये को समर्थन मिला।

उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव, एफआईआई की पूंजी निकासी और घरेलू शेयर बाजारों में निरंतर नकारात्मक धारणाओं सहित विभिन्न कारणों से रुपया दबाव में रहा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया कमजोर रुख के साथ 96.81 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 96.30 से 96.81 प्रति डॉलर के दायरे में रहा और अंत में पिछले बंद भाव के मुकाबले 20 पैसे की बढ़त के साथ 96.53 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

रुपया बृहस्पतिवार को 20 पैसे की गिरावट के साथ 96.73 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा कि रुपये में और गिरावट रोकने के लिए आरबीआई के हस्तक्षेप की रिपोर्ट है। कुछ सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों द्वारा भी रुपये को स्थिर रखने के लिए डॉलर बेचने की बात सामने आई है।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने की स्थिति में रुपये पर दबाव बना रह सकता है।

उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतें भी रुपये को प्रभावित कर सकती हैं। हालांकि दोनों देशों के बीच राजनयिक बातचीत से रुपये में तेज गिरावट रुक सकती है।

चौधरी ने कहा कि आरबीआई का हस्तक्षेप रुपये को निचले स्तर पर सहारा दे सकता है।

उनके अनुसार, डॉलर के मुकाबले रुपया का हाजिर भाव 96.30 से 96.85 के दायरे में रह सकता है।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.41 पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 3.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.10 डॉलर प्रति बैरल रह गया।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ 331.62 अंक टूटकर 76,059.77 अंक पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 102.15 अंक की गिरावट के साथ 23,767.45 अंक पर रहा।

विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को 3,892.77 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री की।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments