मुंबई, 14 जुलाई (भाषा) अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 7 पैसे चढ़कर 79.74 पर खुला। घरेलू शेयर बाजार में तेजी से रुपये को बल मिला।
हालांकि कारोबारियों ने कहा कि विदेशों में अमेरिकी मुद्रा की मजबूती और विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी के कारण रुपये की बढ़त सीमित रही।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 79.72 पर खुला, फिर शुरुआती सौदों में यह कुछ गिरावट के साथ 79.74 पर आया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 7 पैसे की बढ़त दर्शाता है।
पिछले सत्र में, बुधवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 79.81 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था।
शुरुआती सौदों में रुपया 79.71 से 79.74 के सीमित दायरे में कारोबार कर रहा था।
इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 108.30 पर आ गया।
वैश्विक तेल सूचकांक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.57 प्रतिशत चढ़कर 100.14 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 2,839.52 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
भाषा मानसी
मानसी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
