मुंबई, तीन मार्च (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 63 पैसे उछलकर एक माह के उच्च स्तर 81.97 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशी कोषों के ताजा निवेश और घरेलू शेयर बाजार में बढ़त के साथ निवेशकों की धारणा मजबूत होने से रुपये में तेजी आई।
बाजार सूत्रों ने कहा कि सेवा क्षेत्र में मजबूत खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) आंकड़े की वजह से भी निवेशकों की धारणा मजबूत हुई।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 82.28 पर खुला। कारोबार के अंत में यह अपने पिछले बंद भाव की तुलना में 63 पैसे के उछाल के साथ 81.97 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान रुपये ने 81.92 के उच्चस्तर और 82.35 के निचले स्तर को छुआ।
इससे पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 82.60 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
बीएनपी पारिबा बाय शेयरखान में शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि मजबूत सेवा खरीद प्रबंधक (पीएमआई) आंकड़े आने के कारण भारतीय रुपया एक महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
चौधरी ने कहा, ‘‘हम उम्मीद करते हैं कि वैश्विक जोखिम भावनाओं में सुधार और ताजा एफआईआई निवेश रुपये में हल्की तेजी बनी रह सकती है। कमजोर कच्चे तेल की कीमतें भी घरेलू मुद्रा का समर्थन कर सकती हैं।’’
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.31 प्रतिशत घटकर 104.70 पर पर आ गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 1.45 प्रतिशत घटकर 83.52 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 899.62 अंक की तेजी के साथ 59,808.97 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 246.24 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
