scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशअर्थजगतरुपया दो पैसे बढ़कर 93.33 प्रति डॉलर पर

रुपया दो पैसे बढ़कर 93.33 प्रति डॉलर पर

Text Size:

मुंबई, 15 अप्रैल (भाषा) रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दो पैसे की बढ़त के साथ 93.33 पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में तेजी और अमेरिका तथा ईरान के बीच बातचीत बहाल होने की उम्मीद में बाजार की धारणा मजबूत हुई।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.19 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह डॉलर के मुकाबले 93.13 के उच्च स्तर तक पहुंचा। अंत में यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.33 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से दो पैसे की बढ़त है।

रुपया सोमवार को 52 पैसे कमजोर होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.35 पर बंद हुआ था। ‘आंबेडकर जयंती’ के मौके पर मंगलवार को विदेशी मुद्रा बाजार बंद थे।

एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष (जिंस एवं मुद्रा) जतीन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘ रुपया होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े घटनाक्रमों के प्रति अत्यधिक संवेदनशील बना हुआ है…निकट भविष्य में, रुपये के 93.10 से 93.65 के दायरे में कारोबार करने के आसार हैं। इसकी दिशा भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव पर निर्भर करेगी।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.5 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 97.95 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 1,263.67 अंक या 1.64 प्रतिशत चढ़कर 78,111.24 अंक पर जबकि निफ्टी 388.65 अंक या 1.63 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,231.30 अंक पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 96.21 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने 666.15 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

इस बीच, पश्चिम एशिया संकट के चलते ईंधन, बिजली एवं विनिर्मित वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण मार्च में थोक मुद्रास्फीति तीन साल से अधिक यानी 38 माह के उच्च स्तर 3.88 प्रतिशत पर पहुंच गई। बुधवार को जारी सरकारी आंकड़ों से यह जानकारी दी गई।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments