मुंबई, तीन जनवरी (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया मंगलवार को आठ पैसे की गिरावट के साथ 82.86 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशों में डॉलर के मजबूत होने और विदेशी पूंजी की सतत निकासी के कारण रुपये में गिरावट आई।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.69 के स्तर पर सकारात्मक रुख के साथ खुला लेकिन बाद में यह 82.92 प्रति डॉलर के दिन के निचले स्तर को छू गया और कारोबार के अंत में आठ पैसे की गिरावट के साथ 82.86 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 82.78 प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की कमजोरी या मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक एक प्रतिशत बढ़कर 104.55 हो गया।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.02 प्रतिशत बढ़कर 85.93 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा कि आयातकों की डॉलर लिवाली बढ़ने से रुपये में गिरावट का रुख कायम हो गया। इसके अलावा कारोबारियों को बुधवार को आने वाले फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक के ब्योरे का इंतजार है जिससे रुपये पर दबाव रहा।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 126.41 अंक बढ़कर 61,294.20 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने सोमवार को 212.57 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
