scorecardresearch
Wednesday, 18 March, 2026
होमदेशअर्थजगतडॉलर के मुकाबले रुपया सात पैसे टूटकर 88.79 के अबतक के सबसे निचले स्तर पर

डॉलर के मुकाबले रुपया सात पैसे टूटकर 88.79 के अबतक के सबसे निचले स्तर पर

Text Size:

मुंबई, 29 सितंबर (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया सात पैसे की गिरावट के साथ 88.79 (अस्थायी) के अपने अबतक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ। विदेशी पूंजी की लगातार निकासी और जोखिम से बचने की धारणा में वृद्धि के कारण रुपये में गिरावट आई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक व्यापार अनिश्चितताओं और अमेरिकी वीजा शुल्क वृद्धि के भारत के आईटी सेवा निर्यात पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर निवेशकों की चिंता के कारण रुपया अपने सर्वकालिक निचले स्तर के आसपास मंडरा रहा है।

इसके अलावा, एक अक्टूबर को भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक के नतीजों से रुपये और सरकारी बॉन्ड की चाल पर असर पड़ने की संभावना है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 88.69 पर खुला और अंततः सात पैसे की गिरावट के साथ 88.79 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो अब तक का इसका सबसे निचला बंद स्तर है।

शुक्रवार को रुपया अपने सर्वकालिक निचले स्तर से उबरते हुए डॉलर के मुकाबले चार पैसे बढ़कर 88.72 पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक (मुद्रा और जिंस) अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमारा अनुमान है कि कमजोर घरेलू बाजारों और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण रुपया कमजोर बना रहेगा। आयातकों के माह के अंत में डॉलर मांग भी रुपये पर दबाव डाल सकती है। हालांकि, डॉलर में कमजोरी और रिजर्व बैंक के किसी भी हस्तक्षेप से निचले स्तरों पर रुपये को सहारा मिल सकता है।’’

चौधरी ने कहा कि कारोबारी, अमेरिका से आने वाले प्रमुख घरेलू बिक्री आंकड़ों और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भाषण से संकेत ले सकते हैं। निवेशक इस सप्ताह रिजर्व बैंक की एमपीसी के फैसले पर भी नजर रखेंगे।

इस बीच, छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.96 पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ 69.17 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में, सेंसेक्स 61.52 अंक गिरकर 80,364.94 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 19.80 अंक टूटकर 24,634.90 पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को 5,687.58 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments