नयी दिल्ली, 27 नवंबर (भाषा) सरकार ने बृहस्पतिवार को कपड़ा क्षेत्र में अनुसंधान और नवोन्मेष को बढ़ावा देने के लिए 305 करोड़ रुपये की वस्त्र केंद्रित अनुसंधान मूल्यांकन निगरानी योजना और स्टार्टअप (टेक्स-रैम्प्स) योजना को मंजूरी दे दी।
कपड़ा मंत्रालय ने कहा कि कपड़ा केंद्रित अनुसंधान, मूल्यांकन, निगरानी, योजना और स्टार्ट-अप योजना 2025-26 से 2030-31 के दौरान लागू की जाएगी।
बयान के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 से वित्त वर्ष 2030-31 की अवधि के लिए 305 करोड़ रुपये के कुल व्यय वाली यह योजना आगामी वित्त आयोग की सिफारिशों के साथ समाप्त होगी। इसे कपड़ा मंत्रालय द्वारा पूरी तरह से वित्त पोषित एक केंद्रीय योजना के रूप में लागू किया जाएगा।
केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि यह योजना भारत के वस्त्र क्षेत्र को सशक्त बनाने और देश को पर्यावरण अनुकूल, प्रौद्योगिकी और प्रतिस्पर्धी क्षमता में वैश्विक अगुवा के रूप में स्थापित करने के लिए अनुसंधान, डेटा और नवाचार को एक साथ लाती है।
भाषा योगेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
