नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा) इलेक्ट्रिक कारों की खुदरा बिक्री सितंबर में दो गुना से अधिक हो गई।
वाहन डीलरों के संगठन फाडा द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस क्षेत्र में टाटा मोटर्स सबसे आगे रही, जिसने 6,216 इकाइयों की बिक्री की।
पिछले महीने कुल इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की बिक्री बढ़कर 15,329 इकाइयां हो गई, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने यह संख्या 6,191 इकाइयां थी।
टाटा मोटर्स ने पिछले वर्ष यानी 2024 के सितंबर माह में 3,833 इकाइयों की खुदरा बिक्री की थी, जो इस साल सितंबर में 62 प्रतिशत बढ़कर 6,216 इकाइयां हो गई।
जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर ने पिछले महीने 3,912 इकाइयां बेचीं, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की 1,021 इकाइयों की तुलना में तीन गुना है।
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने सितंबर में 3,243 इकाइयां बेचीं, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में कंपनी ने 475 इकाइयां बेची थीं।
बीवाईडी इंडिया ने इस साल सितंबर में 547 इकाइयां, किआ इंडिया ने 506, हुंदै ने 349, बीएमडब्ल्यू ने 310, जबकि मर्सिडीज-बेंज इंडिया ने 97 इकाइयां बेचीं।
इसके अलावा टेस्ला इंडिया ने भी पिछले महीने 64 इकाइयों की खुदरा बिक्री की।
वहीं, सितंबर में दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री 90,549 इकाइयों की तुलना में 15 प्रतिशत बढ़कर 1,04,220 इकाइयां हो गई।
इस खंड में टीवीएस मोटर अग्रणी रही, जिसने 22,509 इकाइयों की खुदरा बिक्री की। पिछले वर्ष इसी अवधि में टीवीएस मोटर ने 18,256 इकाइयां बेची थीं।
बजाज ऑटो ने पिछले महीने 19,580 इकाइयों की बिक्री के साथ दूसरा, जबकि एथर एनर्जी ने 18,141 इकाइयों की बिक्री के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
ओला इलेक्ट्रिक ने 13,383 इकाइयों की बिक्री के साथ चौथा स्थान हासिल किया, जबकि हीरो मोटोकॉर्प सितंबर में 12,753 इकाइयों की बिक्री के साथ पांचवें स्थान पर रही।
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.