मुंबई, नौ फरवरी (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने सोमवार को ‘केवाईसी–सुरक्षित बैंकिंग की ओर आपका पहला कदम’ विषय के साथ वित्तीय साक्षरता सप्ताह 2026 के 11वें संस्करण की शुरुआत की।
भारतीय रिजर्व बैंक वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए 2016 से हर साल वित्तीय साक्षरता सप्ताह का आयोजन कर रहा है। इस कार्यक्रम में आरबीआई और नाबार्ड के शीर्ष प्रबंधन और क्षेत्रीय प्रमुखों के साथ ही चुनिंदा वाणिज्यिक बैंकों के प्रमुखों ने भाग लिया।
सभा को संबोधित करते हुए आरबीआई गवर्नर ने सुरक्षित और समावेशी बैंकिंग के लिए केवाईसी के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने बैंकों से आग्रह किया कि वे वित्तीय साक्षरता सप्ताह का उपयोग अपने ग्राहकों के बीच केवाईसी और री-केवाईसी के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए करें। उन्होंने ग्राहकों के खाते खोलने की प्रक्रिया को सरल बनाने में केंद्रीय केवाईसी रिकॉर्ड रजिस्ट्री की भूमिका पर बल दिया। साथ ही उन्होंने केवाईसी से संबंधित धोखाधड़ी तथा खातों के दुरुपयोग के प्रति सतर्क रहने पर भी जोर दिया।
आरबीआई ने कहा कि वित्तीय साक्षरता सप्ताह 2026 का आयोजन देश भर में नौ से 13 फरवरी, 2026 के बीच किया जा रहा है।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
