मुंबई, 23 मार्च (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बैंकिंग प्रणाली में तीन दिवसीय ‘वैरिएबल रेट रेपो’ (वीआरआर) नीलामी के जरिये मंगलवार को 55,837 करोड़ रुपये की अस्थायी नकदी डाली।
केंद्रीय बैंक की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह धनराशि 5.26 प्रतिशत की ‘कट-ऑफ’ और भारित औसत दर पर डाली गई।
यह राशि एक लाख करोड़ रुपये की अधिसूचित राशि की तुलना में काफी कम रही। अग्रिम कर भुगतान के कारण बैंकिंग प्रणाली में अधिशेष नकदी में तेज गिरावट आई है।
बैंकिंग प्रणाली में 23 मार्च तक अनुमानित नकदी करीब 26,196.36 करोड़ रुपये आंकी गई है।
केंद्रीय बैंक ने पिछले कुछ दिनों में विभिन्न अवधियों की वीआरआर नीलामी के माध्यम से बैंकिंग प्रणाली में 2,08,208 करोड़ रुपये की अस्थायी नकदी डाली है।
इसके अलावा, जनवरी, 2026 से अब तक केंद्रीय बैंक ने सरकारी प्रतिभूतियों की खुले बाजार में खरीद के माध्यम से बैंकिंग प्रणली में 3.50 लाख करोड़ रुपये की स्थायी नकदी डाली है।
भाषा निहारिका अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
