चेन्नई, 19 अगस्त (भाषा) रैमको सीमेंट्स लिमिटेड मार्च-जून, 2026 तक 1,000 करोड़ रुपये के निवेश से अपनी उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर तीन करोड़ टन करने की राह पर है। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मौजूदा समय में विविधीकृत रैमको समूह की प्रमुख कंपनी दो करोड़ 44.4 लाख टन सालाना की सीमेंट क्षमता वाले 11 सीमेंट संयंत्रों (पांच एकीकृत इकाइयां और छह ग्राइंडिंग इकाइयां) का संचालन करती है।
रैमको सीमेंट्स लिमिटेड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ए वी धर्मकृष्णन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘वर्ष 1957 से, रैमको सीमेंट्स दूरदर्शिता, विश्वास और ईमानदारी के लिए प्रतिबद्ध है। एक मामूली 200 टीपीडी इकाई से, हम 2.4 करोड़ टन सालाना क्षमता के साथ भारतीय सीमेंट उद्योग में पांचवें सबसे बड़े उत्पादक बने हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम मार्च-जून, 2026 तक अपनी क्षमता को तीन करोड़ टन तक बढ़ाने की राह पर हैं।’’
एक प्रश्न के उत्तर में, उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश के कुरनूल संयंत्र में क्षमता बढ़ाने के लिए लगभग 1,000 करोड़ रुपये के निवेश की आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से चेन्नई स्थित कंपनी को अगले 4-5 वर्षों में 15,000 से 16,000 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है।
पिछले वित्त वर्ष (2024-25) के दौरान, कंपनी ने 417 करोड़ रुपये के मुनाफे के साथ 8,500 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया था।
धर्मकृष्णन कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अपने निर्माण रसायन उत्पाद पोर्टफोलियो के तहत एक ब्रांड पहचान, ‘हार्ड वर्कर’ की पेशकश की घोषणा करने के लिए यहां आए थे।
‘हार्ड वर्कर’ ब्रांड के साथ, कंपनी को उम्मीद है कि निर्माण रसायन प्रभाग का राजस्व अगले 4-5 वर्षों में 2,000 करोड़ रुपये तक पहंच जाएगा, जो पिछले वित्त वर्ष में दर्ज 210 करोड़ रुपये के राजस्व से अधिक है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
