scorecardresearch
Wednesday, 11 February, 2026
होमदेशअर्थजगतराज्यसभा सदस्य साहनी का रिजर्व बैंक से ब्याज दरों में और वृद्धि नहीं करने का आग्रह

राज्यसभा सदस्य साहनी का रिजर्व बैंक से ब्याज दरों में और वृद्धि नहीं करने का आग्रह

Text Size:

नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) राज्यसभा सदस्य विक्रमजीत सिंह साहनी ने शनिवार को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से ब्याज दरों में और वृद्धि नहीं करने का अनुरोध करते हुए कहा कि ‘यह घर खरीदारों और एमएसएमई पर असर डाल सकता है।’

आरबीआई ने आठ फरवरी को नीतिगत ब्याज दर रेपो में 0.25 प्रतिशत की वृद्धि करने के साथ ही आगे यह सिलसिला जारी रखने के भी संकेत दिए। रेपो दर बढ़ाए जाने से आवास और वाहन के साथ-साथ कंपनियों को दिए जाने वाले कर्ज भी महंगे हो जाएंगे।

वित्त मंत्रालय की संसदीय सलाहकार समिति के सदस्य साहनी ने कहा, “नीतिगत ब्याज दरों में और वृद्धि होने से लंबी अवधि के ऋण लेने वाले, खासकर घर खरीदार और एमएसएमई प्रभावित होंगे।”

उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में महंगाई का कारण उत्पादन और निवेश की आपूर्ति पक्ष में असंतुलन है, न कि उच्च मांग के कारण मुद्रास्फीति अधिक है।

उन्होंने कहा कि आरबीआई पहले ही पांच बार रेपो दर में वृद्धि कर चुका है और इस तरह वह मुद्रास्फीति को नियंत्रण में रखना चाहता है। लेकिन मौजूदा समय में मुद्रास्फीति का कारण अधिक मांग नहीं होने से यह तरीका उतना कारगर नहीं होने की संभावना है।

भाषा अनुराग प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments