scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमदेशअर्थजगतपंजाब में 2026-27 के लिए 2.60 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश

पंजाब में 2026-27 के लिए 2.60 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश

Text Size:

चंडीगढ़, आठ मार्च (भाषा) पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने रविवार को 2,60,437 करोड़ रुपये के आवंटन के साथ राज्य का वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार ने पंजाब के लोगों से किया गया हर वादा पूरा कर दिया है।

वर्ष 2027 की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार का यह आखिरी बजट है।

राज्य विधानसभा में बजट पेश करते हुए चीमा ने कहा कि यह बजट पंजाब की माताओं और बेटियों को समर्पित है। यह बजट उनकी शक्ति को मान्यता देता है और समाज तथा भविष्य में उनके अमूल्य योगदान का जश्न मनाता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह पांचवां बजट शासन की यात्रा में एक निर्णायक क्षण है। उन्होंने सदन को संबोधित करते हुए पिछले साल आई विनाशकारी बाढ़ के दौरान पंजाब के लोगों द्वारा दिखाए गए साहस और लचीलेपन को भी स्वीकार किया।

उन्होंने कहा, ”जब घर पानी में डूब गए और आजीविका बाधित हो गई थी, तब पंजाब के लोगों ने उल्लेखनीय शक्ति और करुणा के साथ एक-दूसरे की मदद की।”

वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य की जिम्मेदारी संभालने के पहले दिन से ही भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार ने संकल्प लिया था कि लोगों को दी गई गारंटी केवल कागज पर शब्द बनकर नहीं रहेगी।

चीमा ने कहा, ”मैं बेहद गर्व के साथ इस सम्मानित सदन के सामने खड़ा होकर कह सकता हूं कि शायद ही कभी कोई सरकार अपने कार्यकाल के पांचवें वर्ष में यह कह पाई हो कि पंजाब के लोगों से किया गया हर वादा पूरे विश्वास और भरोसे के साथ पूरा किया गया है। हमारी सरकार ने सुनिश्चित किया कि ये गारंटी केवल बयानबाजी नहीं थी, बल्कि बजटीय सहायता, संस्थागत सुधारों और मापने योग्य परिणामों द्वारा समर्थित नीतिगत हस्तक्षेप थे। इसीलिए मैं इस बजट को ‘सारी गारंटियां पूरी करने वाला बजट’ कह रहा हूं।”

उन्होंने कहा कि पंजाब की अर्थव्यवस्था ने पिछले एक साल में निरंतर लचीलापन और संरचनात्मक स्थिरता दिखाई है। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 10 प्रतिशत की अनुमानित वृद्धि दर के साथ 9,80,635 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। प्रभावी राजस्व घाटा जीएसडीपी का 2.06 प्रतिशत और राजकोषीय घाटा जीएसडीपी का 4.08 प्रतिशत अनुमानित है।

वित्त मंत्री ने कहा कि ये अनुमान आर्थिक वृद्धि और सार्वजनिक कल्याण के लिए लगातार समर्थन के साथ जिम्मेदार राजकोषीय प्रबंधन के हमारे संकल्प की पुष्टि करते हैं।

भाषा पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments