scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशअर्थजगतमप्र में प्रस्तावित पीएम मित्र पार्क में 20,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले

मप्र में प्रस्तावित पीएम मित्र पार्क में 20,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले

Text Size:

भोपाल, 15 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि धार जिले में प्रस्तावित पीएम मित्र पार्क को 114 प्रमुख कपड़ा कंपनियों से 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं।

एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 सितंबर को धार जिले के बदनावर तहसील के भैंसोला गांव में देश के पहले पीएम मित्र पार्क की आधारशिला रखेंगे।

मुख्यमंत्री ने रविवार को एक बयान में कहा कि 91 कंपनियों और इकाइयों के आवेदन स्वीकृत किए गए हैं और 1,294 एकड़ से अधिक भूमि आवंटित करने की अनुशंसा की गई है।

उन्होंने बताया कि जिन कंपनियों को जमीन आवंटित की गई है, उनसे 20 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और इनसे 72 हजार से ज्यादा रोजगार पैदा होंगे।

यादव ने कहा कि इस पूरी परियोजना से तीन लाख रोजगार पैदा होने का अनुमान है और यह सिर्फ एक संख्या नहीं, बल्कि लाखों परिवारों के जीवन में आने वाला बदलाव है।

इन निवेशों से पार्क में सूत, कपड़ा और परिधान उत्पादन की पूरी मूल्य श्रृंखला विकसित होगी, जिससे राज्य का कपड़ा उद्योग वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बन सकेगा।

बयान में कहा गया कि पीएम मित्र पार्क में जमीन आवंटन की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है।

पीएम मित्र पार्क के कुल 2,158 एकड़ में से 1,300 एकड़ जमीन आवंटित की जा चुकी है और शेष जमीन भी चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही है।

देश के पहले पीएम मित्र पार्क की आधारशिला रखने के अलावा, प्रधानमंत्री मोदी इसी कार्यक्रम में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का भी शुभारंभ करेंगे।

मध्यप्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार कश्यप ने रविवार को पड़ोसी झाबुआ जिले में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करने के बाद कहा कि पीएम मित्र पार्क रोजगार सृजन और कपड़ा उद्योग में प्रगति का एक नया अध्याय शुरू करेगा।

भाषा दिमो मनीषा पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments