मुंबई, नौ सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर अगले महीने यहां आयोजित होने वाले वार्षिक ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) में शामिल होंगे। आयोजकों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक बयान के अनुसार, सात अक्टूबर से शुरू होने वाले इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में जर्मनी, फ्रांस, स्विट्जरलैंड और सिंगापुर के नियामकों सहित दुनिया भर के एक दर्जन से अधिक केंद्रीय बैंक भी शामिल होंगे।
इस सालाना कार्यक्रम में दुनिया भर के लगभग 500 निवेशक और 400 प्रदर्शक शामिल होंगे।
सम्मेलन के चेयरमैन क्रिस गोपालकृष्णन ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की उपस्थिति इस आयोजन को एक विचार नेतृत्व मंच के रूप में प्रेरित करेगी। यह संपूर्ण मानवता के लिए समान प्रगति के लिए पर्यावरण अनुकूल मार्ग तैयार करेगा और वित्त को अधिक समावेशी और लचीला बनाने के लिए नया रूप प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘ब्रिटेन और भारत दुनिया के जीवंत आर्थिक संबंधों में से एक साझा करते हैं। वित्तीय सेवाएं और प्रौद्योगिकी इस सहयोग की आधारशिला हैं। इसमें वित्तीय प्रौद्योगिकी निर्यात और नियामकीय नवोन्मेष में ब्रिटेन के वैश्विक नेतृत्व और भारत के बेजोड़ डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और एक अरब से अधिक उपभोक्ता आधार के बीच तालमेल के महत्वपूर्ण अवसर हैं।’’
स्टार्मर की यह यात्रा भारत और ब्रिटेन के बीच प्रगाढ़ होते व्यापारिक संबंधों के बीच हो रही है। दोनों देशों ने हाल ही में एक द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर भी हस्ताक्षर किए हैं।
भाषा रमण अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
