नागपुर, 16 अगस्त (भाषा) लोकमत मीडिया समूह द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘लोकमत वैश्विक आर्थिक सम्मेलन’ 18 अगस्त को लंदन में आयोजित किया जाएगा। इसमें भारत को 5,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में हुई प्रगति पर चर्चा की जाएगी।
यह इस महत्वपूर्ण आयोजन का दूसरा वर्ष है। पिछले वर्ष यह सम्मेलन सिंगापुर में आयोजित किया गया था।
इस वर्ष के सम्मेलन में भारत की आर्थिक नीतियों, वैश्विक व्यापार भूमिकाओं, प्रौद्योगिकी, बुनियादी ढांचे के विकास और हरित ऊर्जा पर गहन चर्चा होगी, जिसमें विश्व स्तर पर प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्तियों की भागीदारी वाली चार समूह चर्चाएं शामिल हैं।
लोकमत मीडिया समूह ने एक बयान में कहा कि समूह चर्चाएं अर्थव्यवस्था, उद्योग, प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, शिक्षा और सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर आधारित होंगी।
इस सम्मेलन में दुनिया भर के विशेषज्ञ, विचारक और नेता अपने विचार और अनुभव साझा करेंगे, जो डिजिटल अर्थव्यवस्था और स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र के माध्यम से भारत की आर्थिक क्षमताओं का आकलन करेंगे।
बयान में कहा गया है, ‘‘लोकमत वैश्विक आर्थिक सम्मेलन में होने वाली चर्चाएं भारत की आर्थिक वृद्धि को गति देने वाले नए विचारों को बढ़ावा देगी। इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत की स्थिति मजबूत होगी और परिवर्तनकारी सोच को गति मिलेगी।’’
इस कार्यक्रम में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए व्यक्तियों को ‘भारत के कोहिनूर’, ‘भारत भूषण’, ‘महाराष्ट्र रत्न’, ‘वैश्विक सखी’ और ‘गुजरात रत्न’ जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
भाषा राजेश राजेश पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
