scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमदेशअर्थजगतप्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रपति मैक्रों ने भारत-फ्रांस नवोन्मेष वर्ष का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रपति मैक्रों ने भारत-फ्रांस नवोन्मेष वर्ष का उद्घाटन किया

Text Size:

मुंबई, 17 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मंगलवार को ‘भारत-फ्रांस नवोन्मेष वर्ष’ 2026 का उद्घाटन किया।

दशकों पुराने संबंधों को ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक ले जाने की घोषणा के कुछ घंटों बाद, दोनों नेताओं ने इस कार्यक्रम में भाग लिया और नवाचार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में दिखाए गए एक वीडियो के अनुसार, ‘‘भारत-फ्रांस नवोन्मेष वर्ष 2026 रणनीतिक तालमेल और साझा समृद्धि को और मजबूत करेगा।’’

दोनों देशों के विभिन्न शहरों में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार पर केंद्रित विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्टार्टअप, शिक्षाविदों और रचनाकारों को एक साथ लाया जाएगा।

कार्यक्रम के बाद पीएमओ इंडिया के यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के अनुसार, यह वर्ष औद्योगिक सहयोग और लोगों के बीच आपसी संपर्क को बढ़ावा देगा।

वीडियो के अनुसार, दोनों देशों ने सरकार समर्थित और उद्योग जगत द्वारा संचालित एक डिजिटल मंच ‘भारत-फ्रांस नवोन्मेष नेटवर्क’ की भी घोषणा की, जिसे नवप्रवर्तकों ने नवप्रवर्तकों के लिए बनाया है।

इस कार्यक्रम में विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, टाटा केमिकल्स के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी आर मुकुंदन, महाराष्ट्र के उद्योग सचिव पी अनाबलगन उपस्थित थे।

राष्ट्रपति मैक्रों प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर 17 से 19 फरवरी तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। वह भारत द्वारा आयोजित एआई शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और मुंबई में मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।

भाषा रमण अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments