scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमदेशअर्थजगतपायलट संगठन ने थकान प्रबंधन संबंधी मसौदे को वापस लेने की अपील की

पायलट संगठन ने थकान प्रबंधन संबंधी मसौदे को वापस लेने की अपील की

Text Size:

मुंबई, 15 सितंबर (भाषा) पायलट संगठन एफआईपी ने नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से सोमवार को एयरलाइंस के लिए प्रस्तावित थकान जोखिम प्रबंधन प्रणाली के संबंध में जारी मसौदा निर्देश वापस लेने का अनुरोध किया।

फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट (एफआईपी) का कहना है कि यह मसौदा भारतीय विमानन जगत की परिचालन वास्तविकताओं की अनदेखी करता है और आवश्यक कानूनी प्रावधानों को दरकिनार करता है।

डीजीसीए ने चार सितंबर को विस्तृत मसौदा परिपत्र जारी किया था जिसका उद्देश्य मौजूदा उड़ान ड्यूटी की समयसीमा के नियमों के साथ वैज्ञानिक, डेटा-आधारित थकान प्रबंधन को जोड़ते हुए उड़ान सुरक्षा को और मजबूत करना है।

एफआईपी ने डीजीसीए को सौंपे अपने प्रतिवेदन में कहा, “यह मसौदा कानूनी प्रक्रिया, समय और निष्कर्ष तीनों ही दृष्टिकोण से त्रुटिपूर्ण है। यह एक जटिल समाधान पेश करता है, जबकि मौजूदा पारिस्थितिकी बुनियादी चीजों में ही पारंगत नहीं है। यह मसौदा स्वतंत्र और विशेषज्ञ पायलटों की राय को भी शामिल नहीं करता है।”

पायलट संगठन ने चेतावनी दी कि प्रस्तावित परिपत्र सुरक्षा बढ़ाने के बजाय नियामकीय अस्पष्टता और व्यावसायिक दोहन का खाका है, जिससे सुरक्षा मानकों में गिरावट आ सकती है।

एफआईपी ने इस ‘त्रुटिपूर्ण प्रस्ताव’ को वापस लेने और पायलटों के साथ मिलकर एक ऐसा ढांचा तैयार करने की अपील की जो विश्वस्तरीय, कानूनी रूप से मजबूत और वास्तविक रूप से सुरक्षित हो।

विमानन क्षेत्र के नियामक ने मसौदे पर हितधारकों की टिप्पणियां 15 सितंबर तक देने को कहा था।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments