scorecardresearch
Wednesday, 11 March, 2026
होमदेशअर्थजगतफिजिक्सवाला ने आईपीओ दस्तावेज में असामान्य सुरक्षा जोखिमों का खुलासा किया

फिजिक्सवाला ने आईपीओ दस्तावेज में असामान्य सुरक्षा जोखिमों का खुलासा किया

Text Size:

नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) शिक्षा प्रौद्योगिकी यूनिकॉर्न फिजिक्सवाला ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) से पहले दायर किए गए दस्तावेजों के मसौदे में कई असामान्य सुरक्षा जोखिमों का खुलासा किया है।

इसमें बताया गया कि एक छात्र ने कथित तौर पर 2023 में एक ऑनलाइन कक्षा के दौरान फिजिक्सवाला के एक शिक्षक को चप्पल से धमकाया।

कंपनी ने कहा कि इस घटना ने ऑफलाइन शिक्षण केंद्रों के विस्तार के साथ जुड़े जोखिमों को उजागर किया।

कंपनी ने पिछले सप्ताह दायर अपने ताजा मसौदा रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) में कहा, ”छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफलता हमारी प्रतिष्ठा और व्यवसाय पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है।”

फिजिक्सवाला ने अन्य परेशान करने वाले मामलों का भी जिक्र किया। वर्ष 2023 में एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ जिसमें एक कर्मचारी अपने एक ऑफलाइन केंद्र में एक छात्र को धक्का दे रहा था। बाद में एक आंतरिक जांच के बाद कर्मचारी को बर्खास्त कर दिया गया।

जून, 2024 में एक और गंभीर मामला सामने आया, जब नयी दिल्ली स्थित एक केंद्र में एक छात्र पर सीलिंग फैन गिरने के बाद कंपनी के एक कर्मचारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। उस पर लापरवाही और सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप था, हालांकि अब उस मामले का निपटारा हो चुका है।

दस्तावेज में कहा गया, ”2023 में एक घटना में एक छात्र को वीडियो कॉल पर एक संकाय सदस्य को चप्पल से धमकाते हुए देखा गया था।”

कंपनी ने स्वीकार किया कि संस्थानों में उत्पीड़न की बढ़ती खबरों के बीच, छात्र कल्याण सुनिश्चित करना शिक्षा क्षेत्र के लिए चिंता का विषय बन गया है।

वर्ष 2020 में स्थापित फिजिक्सवाला अपने आईपीओ के जरिये 3,820 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments