scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशअर्थजगतपश्चिम एशिया तनाव से संबंधित मार्गों पर हवाई टिकट रद्द करा रहे हैं यात्री

पश्चिम एशिया तनाव से संबंधित मार्गों पर हवाई टिकट रद्द करा रहे हैं यात्री

Text Size:

नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) ‘इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स’ (आईएटीओ) ने सोमवार को कहा कि क्षेत्र में जारी सैन्य संघर्ष के बीच पश्चिम एशिया से जुड़े मार्गों के लिए यात्रा बुकिंग में 20-25 प्रतिशत रद्दीकरण और पुनर्निर्धारण देखा जा रहा है।

आईएटीओ के अनुसार, वर्तमान में व्यवधान मुख्य रूप से खाड़ी पारगमन केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े विशिष्ट गलियारों में केंद्रित है।

आईएटीओ के अध्यक्ष रवि गोसाईं ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘जारी भू-राजनीतिक तनाव और संबंधित हवाई क्षेत्र की अनिश्चितताओं के कारण पश्चिम एशिया से जुड़े मार्गों पर यात्रा बुकिंग में 20-25 प्रतिशत की गिरावट और बदलाव देखा जा रहा है।’

उन्होंने कहा कि उड़ानों के मार्ग परिवर्तन, यात्रा की लंबी अवधि, बीमा शर्तों और अंतिम समय में जारी होने वाले परामर्श के कारण यात्री सतर्क हो गए हैं और अपनी योजनाओं को स्थगित या संशोधित कर रहे हैं।

गोसाईं ने कहा, ‘यदि स्थिति और बिगड़ती है या हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध जारी रहते हैं, तो गर्मियों की छुट्टियों के दौरान इसका प्रभाव और बढ़ सकता है।’

यात्रा बुकिंग एग्रीगेटर ‘मेकमायट्रिप’ के प्रवक्ता ने कहा कि निकट भविष्य में पश्चिम एशिया क्षेत्र की या वहां के रास्ते यात्रा करने वाले यात्रियों की एक बड़ी संख्या अपनी योजनाओं को टाल रही है।

कंपनी अबू धाबी और दुबई में मौजूद यात्रियों को स्थानीय अधिकारियों की अधिसूचनाओं के आधार पर अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराकर सहायता प्रदान कर रही है।

भाषा सुमित अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments