कराची, 17 नवंबर (भाषा) पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक ने बाजार में पाकिस्तानी रुपये के अवमूल्यन और डॉलर की अघोषित निकासी को रोकने के उद्देश्य से अमेरिकी डॉलर के नकदी प्रवाह को सीमित करने के लिए कदम उठाए हैं।
स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान ने एक परिपत्र जारी कर बैंकों को निर्देश दिया कि वे उन ग्राहकों को डॉलर में नकद भुगतान न करें जिनके पास विदेशी मुद्रा खाते नहीं हैं।
साथ ही उसने सभी मुद्रा विनिमय डीलर को निर्देश दिया कि वे ग्राहकों को 500 अमेरिकी डॉलर तक ही भुगतान करें। डॉलर की आवश्यकता की पुष्टि करने वाली सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही अतिरिक्त डॉलर उन्हें प्रदान किए जाएं।
नए निर्देशों के तहत बैंक अब सीधे खरीदारों के खातों में डॉलर स्थानांतरित करेंगे।
एक्सचेंज कंपनी के एक अधिकारी ने कहा कि इस निर्णय से यात्रा या अन्य कामों के लिए डॉलर की खरीद पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा लेकिन ग्राहकों को डॉलर की आवश्यकता का प्रमाण देना होगा।
एसबीपी परिपत्र में कहा गया, ‘‘ नकदी रहित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए यह निर्णय लिया गया है कि अब से, एफसीवाई खाते में जमा करने के उद्देश्य से पाकिस्तान के निवासी नागरिकों को सभी एफसीवाई (विदेशी मुद्रा) बिक्री लेनदेन खाते-से-खाते हस्तांतरण के माध्यम से किए जाएंगे।’’
इसका मतलब है कि जमा के लिए डॉलर खरीदने वाले लोगों को अब नकद नहीं मिलेगा बल्कि राशि सीधे उनके खातों में स्थानांतरित की जाएगी। जिनके पास विदेशी मुद्रा खाते नहीं हैं, वे बैंकों से नकद डॉलर नहीं खरीद पाएंगे।
गैलेक्सी एक्सचेंज के सरदार नसीम ने कहा, ‘‘ यदि आप किसी एक्सचेंज कंपनी से एफसीवाई में जमा करने के लिए डॉलर खरीदते हैं तो कंपनी उस राशि की जांच जारी करेगी जो बैंक के एफसीवाई खाते में जमा की जाएगी।’’
हज, उमरा या पढ़ाई के लिए जाने वालों को भी 500 अमेरिकी डॉलर से अधिक की खरीदारी के लिए पूरे दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे।
भाषा निहारिका मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
