scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशअर्थजगतओएनजीसी की शोध इकाई का हीलियम उत्पादन संयंत्र के लिए ईआईएल से करार

ओएनजीसी की शोध इकाई का हीलियम उत्पादन संयंत्र के लिए ईआईएल से करार

Text Size:

चेन्नई, 19 अगस्त (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस कंपनी ओएनजीसी की शोध इकाई ने तमिलनाडु में हीलियम उत्पादन का प्रायोगिक संयंत्र लगाने के लिए इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (ईआईएल) के साथ समझौता किया है।

ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि उसकी शोध इकाई ओएनजीसी एनर्जी सेंटर ट्रस्ट ने ईआईएल के साथ इस समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

करीब 39.42 करोड़ रुपये की लागत से यह प्रायोगिक संयंत्र तमिलनाडु के नागपत्तनम जिले में कूथालम गैस कलेक्शन स्टेशन पर लगाया जाएगा।

यह परियोजना वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर)-भारतीय पेट्रोलियम संस्थान द्वारा विकसित प्रौद्योगिकी पर आधारित है। इसके जरिये प्राकृतिक गैस से 99.99 प्रतिशत शुद्धता वाली ग्रेड-ए हीलियम निकाली जाएगी।

हीलियम गैस अंतरिक्ष अनुसंधान, सेमीकंडक्टर, क्रायोजेनिक्स और फाइबर ऑप्टिक्स जैसे क्षेत्रों के लिए बेहद अहम है और फिलहाल भारत इसकी जरूरत पूरी करने के लिए आयात पर निर्भर है।

ओएनजीसी ने कहा कि यह संयंत्र प्रति घंटे 750 घन मीटर की दर से गैस को प्रसंस्कृत करेगा और 110 प्रतिशत क्षमता तक संचालित किया जा सकेगा। परियोजना 18 माह में पूरी होने की संभावना है।

बयान के मुताबिक, यह पहल ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को मजबूती देते हुए उच्च-मूल्य गैसों में देश की स्वदेशी क्षमताओं के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम है।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments