scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशअर्थजगतओएनजीसी तेल और गैस उत्पादन में गिरावट के रुख को पलटने के लिए सात अरब डॉलर का निवेश करेगी

ओएनजीसी तेल और गैस उत्पादन में गिरावट के रुख को पलटने के लिए सात अरब डॉलर का निवेश करेगी

Text Size:

नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) अगले तीन-चार साल में सात अरब डॉलर का निवेश करेगी। इस निवेश का उद्देश्य तेल और गैस उत्पादन में कई साल आ रहे गिरावट के रुख को पलटना है। कंपनी के निदेशक (उत्पादन) पंकज कुमार ने यह बात कही।

कंपनी 24 क्षेत्रों के विकास और तेल प्राप्ति को और बेहतर बनाने की परियोजनाओं पर काम कर रही है। इससे भी तेल एवं गैस उत्पादन में गिरावट के रुख को पलटने में मदद मिलेगी।

कुमार ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘हमारे ज्यादातर उत्पादक क्षेत्र पुराने हैं। इन क्षेत्रों में प्राकृतिक रूप से उत्पादन घटा है। लेकिन हम ईंधन प्राप्ति को बेहतर बनाने के साथ अलग-थलग पड़े क्षेत्रों के बेहतर उपयोग को लेकर प्रौद्योगिकी में काफी निवेश कर रहे हैं।’’

कंपनी देश के पूर्वी तटीय क्षेत्र में कृष्णा गोदावरी बेसिन में केजी-डीडब्ल्यूएन-98/2 के संकुल-दो के विकास में पांच अरब डॉलर से अधिक निवेश कर रही है।

उन्होंने कहा कि ओएनजीसी पश्चिमी तट पर कई क्षेत्रों के विकास पर काम कर रही है है। इसमें मुंबई हाई के पुनर्विकास के पांचवें चरण के साथ-साथ दमन जैसे पड़ोसी क्षेत्रों के विकास योजना भी शामिल है। इन परियोजनाओं में अगले तीन से चार साल में 60,000 करोड़ रुपये (सात अरब डॉलर से अधिक) का निवेश किया जाएगा।

कुमार ने कहा, ‘‘हम तेल प्राप्ति को बढ़ाने और उसमें सुधार लाने की परियोजनाओं में निवेश कर रहे हैं। मार्च को समाप्त वित्त वर्ष में हम पांच साल बाद उत्पादन में गिरावट को रोकने में कामयाब रहे और चालू वित्त वर्ष से हम उत्पादन में वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं।’’

ओएनजीसी का एकल आधार पर उत्पादन 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष 2022-23 में 1.96 करोड़ टन रहा, जो चालू वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़कर 2.12 करोड़ टन होने का अनुमान है। वहीं प्राकृतिक गैस का उत्पादन 2023-24 में बढ़कर 23 से 23.5 अरब घनमीटर रहने का अनुमान है जो 2022-23 में 20.6 अरब घनमीटर था।

भारत कच्चे तेल की कुल जरूरत का 85 प्रतिशत और प्राकृतिक गैस का करीब 50 प्रतिशत आयात करता है।

कुमार ने कहा कि पूर्वी तट पर कंपनी तेल एवं गैस खोज क्षेत्रों का विकास कर रही है। इसे संकुल-दो कहा जाता है। इस क्षेत्र से उत्पादन पहले ही शुरू हो चुका है और चरणबद्ध तरीके से इसे बढ़ाया जाएगा। इस परियोजना से प्रतिदिन 1.2 करोड़ घनमीटर गैस और 45,000 बैरल तेल के योगदान की उम्मीद है।

ओएनजीसी क्षेत्र में संकुल-एक परियोजना के विकास पर भी विचार कर रही है।

भाषा

रमण अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments