नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) ओला इलेक्ट्रिक ने सरकार की उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तहत लगभग 400 करोड़ रुपये के प्रोत्साहन का दावा किया है।
उद्योग सूत्रों के अनुसार, ओला ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए लगभग 3,000 करोड़ रुपये की पात्र बिक्री के साथ दावा दायर किया है। इससे लगभग 400 करोड़ रुपये का अपेक्षित प्रोत्साहन बैठता है।
मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि 13 से 14 प्रतिशत की दर के आधार पर आकलन किए गए इस प्रोत्साहन से कंपनी की नकदी स्थिति में उल्लेखनीय सुधार होने और आने वाली तिमाहियों में इसके वित्तीय प्रदर्शन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है।
ओला पिछले वर्ष पीएलआई प्रोत्साहन प्राप्त करने वाली एकमात्र दोपहिया मूल उपकरण विनिर्माता (ओईएम) थी, जो कंपनी और उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
ओला लगातार दो साल से दोपहिया श्रेणी में पीएलआई-योग्य बिक्री में शीर्ष उपलब्धि हासिल करने वाली कंपनी के रूप में उभरी है। यह देश में ईवी के क्षेत्र में हो रहे बदलाव उसकी नेतृत्व वाली भूमिका को दर्शाता है।
ओला इलेक्ट्रिक ने हाल ही में यह भी घोषणा की है कि उसे अपने ‘जनरेशन 3 स्कूटर पोर्टफोलियो’ के लिए पीएलआई पात्रता मूल्यांकन आवश्यकताओं के अनुपालन का प्रमाणन मिला है।
‘जनरेशन 3 पोर्टफोलियो’ कंपनी की वर्तमान बिक्री के अधिकांश हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है। इसके परिणामस्वरूप, वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही से ओला इलेक्ट्रिक की लाभप्रदता को गति मिलने की उम्मीद है।
भाषा रमण अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
