scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशअर्थजगतओडिशा की अर्थव्यवस्था राष्ट्रीय औसत से अधिक तेजी से बढ़ी : आर्थिक समीक्षा

ओडिशा की अर्थव्यवस्था राष्ट्रीय औसत से अधिक तेजी से बढ़ी : आर्थिक समीक्षा

Text Size:

भुवनेश्वर, 19 फरवरी (भाषा) ओडिशा की अर्थव्यवस्था 2025-26 में मौजूदा कीमतों पर 9.9 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 9.5 प्रतिशत की वृद्धि है। बृहस्पतिवार को राज्य विधानसभा में पेश की गई आर्थिक समीक्षा रिपोर्ट में यह जानकारी देते हुए बताया गया कि यह वृद्धि दर राष्ट्रीय औसत से अधिक है।

रिपोर्ट के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष के दौरान सभी क्षेत्रों में मजबूत वृद्धि देखी गई है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि 2025-26 में वास्तविक आर्थिक वृद्धि दर 7.9 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष के 7.2 प्रतिशत से अधिक है। यह भारत की औसत वृद्धि दर 7.4 प्रतिशत की तुलना में भी बेहतर प्रदर्शन है।

इसमें बताया गया है कि 2025-26 में ओडिशा की प्रति व्यक्ति आय 9.2 प्रतिशत बढ़कर 1,86,761 रुपये पर पहुंच गई है, जबकि अखिल भारतीय स्तर पर इसमें 6.9 प्रतिशत की ही वृद्धि हुई है।

रिपोर्ट में कहा गया कि राज्य का यह तीव्र विकास राष्ट्रीय स्तर के साथ प्रति व्यक्ति आय के अंतर को तेजी से कम कर रहा है।

आर्थिक समीक्षा के अनुसार, कृषि और संबद्ध गतिविधियों ने 2025-26 में राज्य की अर्थव्यवस्था में 19.6 प्रतिशत का योगदान दिया, जो 16.8 प्रतिशत के राष्ट्रीय औसत से अधिक है।

इसी तरह, राज्य के सकल मूल्य वर्धन (जीएसवीए) में उद्योगों का योगदान 41.3 प्रतिशत रहा। विनिर्माण क्षेत्र में वृद्धि दर 8.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो राष्ट्रीय औसत से ऊपर है।

सेवा क्षेत्र का जीएसवीए में 39.1 प्रतिशत हिस्सा है और इसके 9.3 प्रतिशत की दर से बढ़ने की उम्मीद है। बैंकिंग और वित्तीय प्रौद्योगिकी के विस्तार से वित्तीय सेवाओं में 11.9 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है।

भाषा

सुमित अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments