scorecardresearch
Wednesday, 11 February, 2026
होमदेशअर्थजगतबहुपक्षवाद, नियम आधारित व्यापार पर भारत की पहल के समर्थन में नार्वे: व्यापार मंत्री

बहुपक्षवाद, नियम आधारित व्यापार पर भारत की पहल के समर्थन में नार्वे: व्यापार मंत्री

Text Size:

नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) नॉर्वे के व्यापार एवं निवेश मंत्री जान क्रिश्चियन वेस्ट्रे ने कहा है कि उनका देश बहुपक्षवाद और नियमों पर आधारित व्यापार व्यवस्था को बढ़ावा देने के भारत के प्रयासों का पूरा समर्थन करता है।

वेस्ट्रे ने जी-20 में भारत के नेतृत्व की सराहना करते हुए वैश्वीकरण की प्रक्रिया को जारी रखने के महत्व पर प्रकाश डाला।

वेस्ट्रे ने पीटीआई-भाषा को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ”हमारी सरकार इस दृष्टिकोण का पूरी तरह से समर्थन करती है। हम जी-20 में भारत के नेतृत्व और बहुपक्षवाद पर इसके जोर तथा नियम-आधारित व्यापार प्रणाली की आवश्यकता की भी सराहना करते हैं।”

पिछले सप्ताह भारत दौरे पर आए वेस्ट्रे ने कहा कि कुछ देश वैश्वीकरण की राह से भटक रहे हैं। उन्होंने कहा, ”कुछ राष्ट्र विभिन्न दिशाओं में आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन यह महत्वपूर्ण है कि हम वैश्वीकरण की प्रक्रिया को जारी रखें क्योंकि यह हम सभी के लिए फायदेमंद होगा। नॉर्वे दुनिया को व्यवस्थित करने के नजरिये के साथ की गई भारत की किसी भी पहल का पूर्ण समर्थन करेगा।”

नॉर्वे के मंत्री ने कहा कि समुद्री उद्योग, हाइड्रोजन, नवीकरणीय ऊर्जा, बैटरी, दुर्लभ पृथ्वी खनिज, प्रौद्योगिकी और आविष्कार जैसे विभिन्न क्षेत्रों में भारत के साथ ‘अधिक घनिष्ठ सहयोग’ के साथ संबंधों को आगे बढ़ाने में प्रगति हुई है।

उन्होंने कहा कि तीन वर्षों में भारत और नॉर्वे के बीच व्यापार दोगुना हो गया है तथा आने वाले वर्षों में और भी अधिक सहयोग की बड़ी संभावना है।

उन्होंने पिछले साल आयोजित दूसरे ‘भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन’ को एक बड़ी उपलब्धि बताया। इस दौरान पांच नॉर्डिक देशों के प्रधानमंत्रियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जारी किए गए संयुक्त बयान की भी उन्होंने सराहना की।

भाषा रिया प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments