(तस्वीर के साथ)
जम्मू, 24 नवंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को स्पष्ट किया कि केंद्रशासित प्रदेश में बिजली की दरों में बढ़ोतरी का कोई भी प्रस्ताव नहीं है।
अब्दुल्ला ने कश्मीर घाटी में व्यस्त समय के दौरान बिजली की आधार दर पर 20 प्रतिशत अधिभार लगाने की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए कहा, “बिजली महंगी करने का कोई भी प्रस्ताव नहीं है। न ही मुझे पता है कि यह अफवाह कहां से चली।”
बिजली विभाग का भी दायित्व संभाल रहे अब्दुल्ला ने कहा कि न तो इस विषय पर कोई चर्चा हुई है और न ही ऐसा कोई फाइल उनके हस्ताक्षर के लिए आई है।
उन्होंने कहा कि बजट भाषण में पहले ही साफ कर दिया गया था कि बिजली शुल्क में कोई भी बढ़ोतरी नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने यह बात उस कार्यक्रम में कही जिसमें अनंतनाग, राजौरी और पुंछ जिलों में चूना पत्थर की सात खनिज ब्लॉक की पहली ई-नीलामी की शुरुआत की गई। यह पहल 2015 में खनिज नियमों में किए गए सुधारों के तहत एक महत्वपूर्ण कदम है।
अब्दुल्ला ने कहा कि केंद्र सरकार इन खनिज ब्लॉक की आवंटन प्रक्रिया में सिर्फ सहायता दे रही है ताकि आवंटन पारदर्शी ढंग से हो और जम्मू-कश्मीर में खनन गतिविधियां शुरू हो सकें।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.