नयी दिल्ली, 17 नवंबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने अपनी वेबसाइट पर 55 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का ब्योरा प्रकाशित किया है। इन परियोजनाओं की लंबाई करीब 2,269 किलोमीटर है और इनकी संयुक्त पूंजी लागत 1,19,359 करोड़ रुपये है। एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई।
इन परियोजनाओं के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।
बयान में कहा गया है कि बोलीदाताओं और अन्य हितधारकों के लिए सार्वजनिक मंच पर इस जानकारी को साझा करके एनएचएआई का लक्ष्य अपनी परियोजना आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता को बढ़ावा देना है।
बयान के अनुसार, इस पहल से सभी बोलीदाताओं के लिए समान अवसर सुनिश्चित होंगे तथा सार्वजनिक-निजी भागीदारी को बढ़ाने, प्रक्रियाओं में अधिक स्पष्टता लाने तथा विवादों और मुकदमेबाजी को कम करने में मदद मिलेगी।
बयान के मुताबिक, परियोजना की जानकारी एनएचएआई की वेबसाइट पर हर दो सप्ताह में अपडेट की जाएगी तथा अनुमोदन और मंजूरी का विवरण सार्वजनिक रूप से साझा किया जाएगा।
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
