नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) वाहन डीलरों के संगठन फाडा ने त्योहारों के दौरान उद्योग को नुकसान से बचाने के लिए नए जीएसटी ढांचे को जल्द लागू करने की मांग की है। इसका कारण ग्राहक नई जीएसटी व्यवस्था के तहत वाहनों की कीमतों में कटौती की उम्मीद में खरीदारी टाल रहे हैं।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय जीएसटी परिषद 3-4 सितंबर को दो-स्तरीय कराधान व्यवस्था पर चर्चा करने के लिए बैठक करेगी।
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को लिखे एक पत्र में फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) ने कहा कि इस घोषणा ने जमीनी स्तर पर एक चुनौतीपूर्ण स्थिति पैदा कर दी है।
उद्योग निकाय ने कहा कि भारत भर के डीलर आगामी त्योहारों – ओणम (26 अगस्त), गणेश चतुर्थी (27 अगस्त) और नवरात्रि तथा दिवाली (18-23 अक्टूबर) में बिक्री के लिए इस समय माल भंडार तैयार कर रहे हैं।
फाडा ने कहा, ”जीएसटी को तर्कसंगत बनाने की घोषणा के बाद ग्राहक अपनी खरीदारी टाल रहे हैं और डीलरों से नई दरों के बारे में स्पष्ट रूप से पूछ रहे हैं। इससे त्योहारी बिक्री पर पानी फिरने की आशंका है, क्योंकि दबी हुई मांग केवल नया जीएसटी लागू होने के बाद ही हकीकत रूप ले पाएगी।
फाडा ने संशोधित जीएसटी ढांचे को जल्द लागू करने की मांग की।
उद्योग निकाय ने कहा, ”हम अनुरोध करते हैं कि जीएसटी परिषद की बैठक समय से पहले की जाए ताकि प्रमुख त्योहारों की शुरुआत से पहले इसे तर्कसंगत बनाने के उपायों को लागू किया जा सके।”
इसमें कहा गया कि ऐसा करने से अच्छी त्योहारी मांग सिर्फ दीपावाली के आसपास तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह मांग पूरे सत्र में बनी रहेगी।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
