नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) देश की अग्रणी उपग्रह संचार (सैटकॉम) सेवा प्रदाता नेल्को ने देश में उपभोक्ताओं को निजी उपग्रह संचार सेवाएं देने का आवेदन वापस ले लिया है। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि कंपनी की नई अंतरिक्ष नीति के तहत नए लाइसेंस के लिए आवेदन करने की योजना है।
टाटा समूह की उपग्रह सेवा कंपनी नेल्को ने दूरसंचार विभाग (डीओटी) के पास उपग्रह के जरिये ग्लोबल मोबाइल पर्सनल कम्युनिकेशन (जीएमपीसीएस) के लाइसेंस के लिए जमा आवेदन को वापस ले लिया है।
नई अंतरिक्ष नीति के दिशानिर्देशों की समीक्षा करने के बाद, कंपनी उपयुक्त परमिट के लिए आवेदन करने की योजना में है।
नेल्को के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पीजे नाथ ने बुधवार को पीटीआई-भाषा को बताया था, ‘‘कंपनी के पास देश में स्वीकृत सभी उपग्रह सेवाएं प्रदान करने के लिए आवश्यक लाइसेंस हैं और कंपनी नई अंतरिक्ष नीति की रूपरेखा और दूरसंचार नियामक ट्राई के परामर्श पत्र के जारी करने के बाद आवश्यक परमिट के लिए आवेदन करेगी।’’
जीएमपीसीएस लाइसेंस, लाइसेंसधारकों को भारत में सैटेलाइट फोन सेवाएं उपलब्ध कराने की अनुमति देता है।
नाथ ने कहा, ‘‘नेल्को में हम बड़े पैमाने पर सैटकॉम का विस्तार करना चाहते हैं। हमारे पास संपूर्ण सैटकॉम सेवाओं के लिए बहुत महत्वाकांक्षी योजना है। हम बदलते और नियामक परिवेश के आधार पर विवेकपूर्ण निर्णय लेना चाहते हैं।’’
भाषा रिया रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.