scorecardresearch
Tuesday, 17 March, 2026
होमदेशअर्थजगतट्रकों की आवाजाही, कंटेनरों की ट्रैकिंग पर वास्तविक समय में रखी जा सकेगी नजर

ट्रकों की आवाजाही, कंटेनरों की ट्रैकिंग पर वास्तविक समय में रखी जा सकेगी नजर

Text Size:

नयी दिल्ली, 26 सितंबर (भाषा) लॉजिस्टिक डेटा बैंक प्रणाली (एलडीबी) के उन्नत संस्करण की पेशकश से समुद्र के भीतर निर्यात कंटेनरों और देश में ट्रकों की आवाजाही की वास्तविक समय पर निगरानी की जा सकेगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास निगम (एनआईसीडीसी) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक रजत कुमार सैनी ने कहा कि यह कदम उद्योग को अधिक दक्ष बनाने और लॉजिस्टिक लागत में कमी लाने में मददगार होगा।

उन्होंने कहा, “यह प्रणाली लॉजिस्टिक प्रदर्शन का वास्तविक समय में आकलन करेगी जिससे बेहतर योजना, अधिक दक्षता और आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन को मजबूती मिलेगी।”

एनआईसीडीसी लॉजिस्टिक डेटा सर्विसेज (एनएलडीएसएल) द्वारा विकसित इस उन्नत प्रणाली के जरिये निर्यातक कंटेनरों पर भारतीय बंदरगाहों से रवाना होने के बाद भी अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में नजर रख सकेंगे। इसमें सड़क, रेल और समुद्री मार्ग से होने वाले बहु-माध्यम निर्यात की जानकारी उपलब्ध होगी।

यह प्रणाली कंटेनर, ट्रक अथवा ट्रेलर नंबर और रेलवे एफएनआर (फ्रेट नंबर रिकॉर्ड) के आधार पर ट्रैकिंग की सुविधा देती है।

सैनी ने बताया कि 12 औद्योगिक शहरों के विकास कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और दिसंबर तक 12 में से 11 शहरों में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

इन शहरों को 10 राज्यों में 28,602 करोड़ रुपये के निवेश से छह प्रमुख औद्योगिक गलियारों के अंतर्गत विकसित किया जा रहा है।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments