scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशअर्थजगतमोदी 13 मार्च को गुवाहाटी से पीएम-किसान की 22वीं किस्त के 19,000 करोड़ रुपये जारी करेंगे

मोदी 13 मार्च को गुवाहाटी से पीएम-किसान की 22वीं किस्त के 19,000 करोड़ रुपये जारी करेंगे

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 मार्च को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के तहत 22वीं किस्त का डिजिटल रूप से अंतरण करेंगे। इसके माध्यम से 9.32 करोड़ किसानों को लगभग 19,000 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। कृषि मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह कार्यक्रम असम के गुवाहाटी में आयोजित किया जाएगा।

फरवरी, 2019 में शुरू की गई इस योजना के तहत सरकार प्रत्येक पात्र किसान को तीन किस्तों में सालाना 6,000 रुपये प्रदान करती है। खरीफ फसलों की बुवाई के सत्र से ठीक पहले जारी होने वाली इस राशि से किसानों को बीज, उर्वरक और कीटनाशकों जैसे आवश्यक कृषि आदान जुटाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

कृषि मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘प्रधानमंत्री 13 मार्च को गुवाहाटी से पीएम-किसान योजना की 22वीं किस्त की राशि जारी करेंगे।’ आमतौर पर ये किस्तें फरवरी-मार्च, जून-जुलाई और अक्टूबर के दौरान जारी की जाती हैं।

योजना के पिछले आंकड़ों के अनुसार, फरवरी, 2025 में 19वीं किस्त के रूप में 9.8 करोड़ किसानों को 22,000 करोड़ रुपये अंतरित किए गए थे। इसके बाद अगस्त, 2025 में 20वीं किस्त के तहत 9.7 करोड़ किसानों को 20,500 करोड़ रुपये और नवंबर, 2025 में 21वीं किस्त के रूप में नौ करोड़ किसानों को 18,000 करोड़ रुपये दिए गए थे।

21वीं किस्त तक लगभग 4.09 लाख करोड़ रुपये के कुल वितरण के साथ पीएम-किसान सम्मान निधि कृषि क्षेत्र के लिए सरकार के प्रमुख प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) कार्यक्रमों में से एक बनी हुई है।

भाषा सुमित अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments