(मुनीश शेखावत)
म्युनिख, नौ सितंबर (भाषा) मर्सिडीज-बेंज के एक शीर्ष अधिकारी ने भारत को प्राथमिकता वाला देश बताते हुए कहा कि कंपनी भारत में निवेश जारी रखेगी।
उन्होंने कहा कि कंपनी यूरोपीय संघ-भारत मुक्त व्यापार समझौते के मद्देनजर स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा देने सहित अपनी किसी भी योजना को स्थगित किए बिना भारत में निवेश करती रहेगी।
मर्सिडीज-बेंज ग्रुप एजी के प्रबंधन बोर्ड के सदस्य मैथियास गीसेन ने कहा कि कंपनी ने व्यापार समझौते के संभावित परिणामों को ध्यान में रखते हुए कई संभावनाओं की कल्पना की है।
उन्होंने भारत को एक उच्च वृद्धि वाला बाजार बताया।
गीसेन ने आईएए मोबिलिटी शो के दौरान कहा, ‘‘हमने अपनी मूल योजनाओं की तुलना में किसी भी योजना को स्थगित नहीं किया है।’’
वह इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि क्या कंपनी यूरोपीय संघ-भारत मुक्त व्यापार समझौते के अंतिम ढांचे पर स्पष्टता आने तक भारत में कुछ मॉडल के लिए निवेश योजनाओं को स्थगित करने पर विचार कर ही है।
गीसेन ने कहा, ‘‘हम आमतौर पर मुक्त व्यापार में विश्वास करते हैं… यह हमेशा मददगार होता है, और हमारा मानना है कि इससे अर्थव्यवस्था को भी निश्चित रूप से बढ़ावा मिलता है।’’
यूरोपीय संघ भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है, जिसका वस्तुओं का द्विपक्षीय व्यापार वित्त वर्ष 2023-24 में 135 अरब अमेरिकी डॉलर रहा।
गीसेन ने कहा कि मर्सिडीज बेंज के लिए भारत एक प्राथमिकता और वृद्धि का बाजार बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि भारतीय बाजार कठिन होता जा रहा है क्योंकि अन्य विनिर्माता भी देश की दीर्घकालिक वृद्धि क्षमता को समझ रहे हैं।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
