नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) मारुति सुजुकी इंडिया ने मंगलवार को कहा कि उसने हरियाणा के सोनीपत में अपने नवनिर्मित जापान-भारत विनिर्माण संस्थान (जेआईएम) में पहले बैच के लिए दाखिले शुरू कर दिए हैं।
वाहन क्षेत्र की प्रमुख कंपनी ने बयान में कहा कि जेआईएम सोनीपत के पहले बैच में चार श्रेणियों में 100 से अधिक छात्रों को प्रवेश मिल सकता है। ये श्रेणियां मैकेनिक मोटर व्हीकल (एमएमवी), मशीनिस्ट, वेल्डर और फिटर हैं।
कंपनी ने कहा कि सत्र सितंबर, 2025 में शुरू होगा और संस्थान की स्थापना के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है।
मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (कॉरपोरेट मामले) राहुल भारती ने कहा, ‘‘हरियाणा के ऊंचा माजरा में अपना पहला जेआईएम स्थापित करने के बाद, हम राज्य में दूसरा जेआईएम स्थापित करने का अवसर देने के लिए हरियाणा सरकार के आभारी हैं।’’
सोनीपत में जेआईएम की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन के तहत, हरियाणा सरकार ने जमीन और भवन उपलब्ध कराया है, जबकि मारुति सुजुकी ने प्रशिक्षण के लिए एक असेंबली लाइन स्थापित की है, और पाठ्यक्रम तैयार किया है। कंपनी इस संस्थान के पूरे संचालन का प्रबंधन करेगी।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
