scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशअर्थजगतआर्थिक उदारीकरण के शिल्पकार थे मनमोहन सिंह: उद्योग मंडल

आर्थिक उदारीकरण के शिल्पकार थे मनमोहन सिंह: उद्योग मंडल

Text Size:

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 27 दिसंबर (भाषा) उद्योग मंडलों ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें देश में आर्थिक उदारीकरण का शिल्पकार बताया जिन्होंने अर्थव्यवस्था के सभी क्षेत्रों में क्रांतिकारी सुधार किए।

भारतीय उद्योग परिसंघ ( सीआईआई) के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी ने कहा, ‘‘ सीआईआई मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता है… वह एक विद्वान, अनुभवी नेता और विश्लेषणात्मक विचारक थे। उन्होंने अर्थव्यवस्था के सभी क्षेत्रों में अग्रणी सुधारों के साथ भारत के आर्थिक पुनरुत्थान की संकल्पना की।’’

बनर्जी ने कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व से उन्होंने भारत को वृद्धि, सर्वांगीण विकास और वैश्विक जुड़ाव की नई यात्रा पर अग्रसर किया।

उद्योग मंडल फिक्की ने सिंह को एक बेहतरीन अर्थशास्त्री तथा राजनेता के रूप में याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश के आर्थिक भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

फिक्की ने बयान में कहा, ‘‘ वित्त मंत्री और बाद में प्रधानमंत्री के रूप में उनके नेतृत्व में भारत ने अभूतपूर्व आर्थिक वृद्धि की और वैश्विक आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभरा।’’

इंजीनियरिंग निर्यातकों के संगठन ईईपीसी इंडिया के चेयरमैन पंकज चड्ढा ने सिंह को असाधारण क्षमता वाला व्यक्ति बताया जिन्होंने ऐसे आर्थिक सुधारों को आगे बढ़ाया जिससे भारत एक अलग श्रेणी में पहुंच गया।

उन्होंने कहा, ‘‘ सिंह के अथक प्रयासों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत स्थिति में ला दिया है। उनके द्वारा उठाए गए नीतिगत कदमों की श्रृंखला ने भारत को राजकोषीय संकट से बाहर निकाला तथा उच्च वृद्धि व समृद्धि के दौर की शुरुआत की। सुधारों के बाद आई आर्थिक तेजी ने आम आदमी की क्रय शक्ति में उल्लेखनीय सुधार किया और मध्यम वर्ग का उदय हुआ।’’

सिंह का बृहस्पतिवार देर रात दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे।

भाषा निहारिका रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments